Menu
blogid : 5736 postid : 1345

ट्विटर पर हिंदी

जागरण मेहमान कोना
जागरण मेहमान कोना
  • 1877 Posts
  • 341 Comments

Peeyush Pandeyमाइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने 14 सितंबर से अपना हिंदी संस्करण लांच किया है। हालांकि इसकी घोषणा पहले ही हो गई थी, लेकिन आधिकारिक घोषणा के लिए हिंदी दिवस को चुना गया। अब ट्विटर यूजर्स के लिए हिंदी में भी इंटरफेस उपलब्ध है। हिंदी इंटरफेस का अर्थ है कि ट्विटर पर खाता खोलने से लेकर उसके प्रयोग से जुड़ी तमाम जानकारियां अब ट्विटर पर देवनागरी लिपि में दिखेंगी। आने वाले दिनों में ट्विटर का इंटरफेस फिलिपिनो और मलय समेत 17 से अधिक भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसा कतई नहीं है कि 14 सितंबर से पहले ट्विटर पर हिंदी में ट्वीट नहीं किया जा सकता था। 140 अक्षरों में ताकत का पर्याय बन चुकी ट्विटर सेवा पर हिंदी में ट्वीट करना पहले भी संभव था। हिंदी में यूनिकोड में टाइप करने वाले यूजर्स तो सीधे-सीधे बॉक्स में देवनागरी में टाइप कर सकते थे। इसके अलावा रोमन में लिखकर गूगल ट्रांसलिट्रेशन अथवा दूसरी सेवाओं के जरिये देवनागरी में रूपांतरण कर उसे ट्वीट किया जा सकता था। फिर ट्विटर के हिंदी संस्करण का लाभ क्या है? इसके कई लाभ हैं-पहला ट्विटर पर हिंदी को अंतरराष्ट्रीय अहमियत मिल सकती है। दूसरा ठेठ हिंदीभाषियों का ट्विटर के प्रति आकर्षण बढ़ सकता है? ट्विटर पर इस समय 20 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। भारत में ट्विटर के करीब 80 लाख यूजर्स हैं, लेकिन ट्विटर पर हिंदी में ट्वीट न के बराबर हैं। दरअसल, ट्विटर का प्रचार अभी तक इंटरनेट के जिस वर्ग के बीच सबसे अधिक है उसे अंग्रेजी पढ़ने-लिखने में कतई दिक्कत नहीं है। ट्वीट लिखना अपने आप में एक कला है और इस कला को सहज बनाने के लिए गढ़ा गया नया वाक्यविन्यास फिलहाल अंग्रेजी में ज्यादा है, लेकिन ट्विटर पर हिंदी के सीमित दायरे की बड़ी वजह सेलेब्रिटी की उपेक्षा है।


अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सचिन तेंदुलकर, प्रियंका चोपड़ा, युवराज सिंह, सुषमा स्वराज और मनोज वाजपेयी जैसे तमाम लोग ट्विटर पर सक्रिय हैं। इन सभी की हिंदी भी अच्छी है, लेकिन कुछ मामलों को छोड़ दें तो हिंदी में ट्वीट नहीं दिखते। देवनागरी में ट्वीट की बात तो बहुत दूर है। अमिताभ के ट्विटर खाते पर कुछ ट्वीट देवनागरी लिपि में हैं, लेकिन उनमें से अधिकतर पिता हरिवंशराय बच्चन की कविताओं की पंक्तियां हैं जो इंटरनेट पर देवनागरी में सहज उपलब्ध हैं। इस कड़ी में एक दिलचस्प मामला आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेमियन मार्टिन का है। दो साल पहले मार्टिन ने अपने ट्विटर खाते पर हिंदी में ट्वीट कर सबको चौंका दिया था। उन्हें हिंदी व्याकरण का ज्ञान नहीं था और उनकी लिखी हिंदी को पढ़ना भले कठिन था, लेकिन उनका जज्बा प्रशंसनीय था। मार्टिन के इन ट्वीट से साफ था कि वह पहले भी हिंदी में ट्वीट लिखने का जौहर दिखा चुके हैं। इसके अलावा भी अपने भारतीय प्रशंसकों के प्यार में अभिभूत होकर उनकी भाषा में ट्वीट करना चाहते हैं ताकि वह उनसे सीधे-सीधे जुड़ सकें, लेकिन सवाल सिर्फ मार्टिन के हिंदी ट्वीट्स का नहीं है। वर्ष 2007 से गूगल की ट्रांसलिट्रेशन सेवा उपलब्ध है। देवनागरी में यूनिकोड फोंट अब खासा लोकप्रिय है। बावजूद इसके सेलेब्रिटी ने कभी इस तरफ ध्यान नहीं दिया। इसके उलट फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किग साइट पर भारतीय यूजर्स ने हिंदी को जमकर बढ़ावा दिया।


फेसबुक पर साढ़े छह हजार से ज्यादा सदस्यों वाले पेज जय हो हिंदी पर किए गए एक सर्वेक्षण के मुताबिक 78 फीसदी उपयोक्ताओं ने माना कि वे हिंदी में कभी-कभी या हमेशा स्टेटस अपडेट करते रहते हैं। हालांकि, सर्वेक्षण में हिस्सा लेने वालों की संख्या कुल सदस्यों की संख्या से काफी कम है। फिलहाल, हिंदी में ट्विटर आने से स्थिति में बदलाव आने की उम्मीद की जा सकती है। ट्विटर के एप्लीकेशन अब हिंदी में उपलब्ध होंगे जिससे हिंदीप्रेमियों और हिंदी को चाहने वालों को काफी सुविधा हो जाएगी। अगर आप ट्विटर का प्रयोग करते हैं और हिंदी संस्करण आजमाना चाहते हैं तो ट्विटर सेटिंग में जाकर भाषा विकल्प ड्रापडाउन बटन में से हिंदी का विकल्प चुन सकते हैं। वाकई इन नई सुविधा से हिंदी में ट्वीट न केवल और अधिक आसान हो जाएगा बल्कि अधिक लोकप्रिय भी।


पीयूष पांडे हैं



Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh